नई दिल्ली: भारतीय यात्री से विदेशी पायलट के बदसलूकी मामले में क्रिकेटर हरभजन सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई को इंटरव्यू दिया है. इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि उन्होंने पायलट को ब्लडी इंडियन कहे जाने पर यह जवाब दिया कि हमें भारतीय होने पर गर्व है. बेहतर है तुम घर लौट जाओ, हमें तुम्हारी सेवाओं की जरूरत नहीं है. वहां जाकर तुम पैसे कमाओ. उन्होंने कहा कि वह पायलट यहां आकर पैसे कमा रहा है और भारतीयों से बदसलूकी कर रहा है.
हरभजन ने विदेशी पायलट पर लगाया था आरोप
गौर हो कि क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कल दावा किया कि जेट एयरवेज के एक विदेशी पायलट ने उड़ान के दौरान एक महिला के खिलाफ ‘नस्लभेदी’ टिप्पणी की और उसके साथ हाथापाई की एवं एक दिव्यांग के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया. घटना पर खेद जाहिर करते हुए जेट एयरवेज ने कहा कि जांच के बाद कंपनी की नीति के अनुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी. विमान कंपनी ने कहा है कि संबंधित पायलट को घटना के दिन से ही रोस्टर से हटा दिया गया है. क्रिकेटर ने जेट एयरवेज की छह अप्रैल की चंडीगढ़-मुंबई उड़ान के दौरान हुई घटना के बारे में ट्वीट किया है.
विदेशी पायलट ने यात्री को कहा था ब्लडी इंडियन
हरभजन ने हालांकि बताया कि वह उड़ान के दौरान मौजूद नहीं थे बल्कि एक परिचित के जरिये उनको घटना के बारे में जानकारी मिली. सिंह ने कहा, ‘हम गर्व करने वाले भारतीय हैं ना कि ‘ब्लडी इंडियन ’..मुझे माफी की जरूरत नहीं है, मैं चाहता हूं कि कैप्टन को भारत से बाहर किया जाए ताकि कोई हमें ब्लडी इंडियन कहने का साहस नहीं कर सके.’ सिंह ने सिलेसिलेवार ट्वीट कर कहा कि पायलट ने ना सिर्फ महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया बल्कि एक दिव्यांग के खिलाफ अपशब्दों का भी प्रयोग किया. क्रिकेटर ने घटना को ‘शर्मनाक’ करार देते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. सिंह ने अपने ट्वीट में कहा, ‘जेट एयरवेज के इस बर्नड् होएसलिन नामक पायलट ने हमारे साथी भारतीयों से कहा (ब्लडी इंडियन मेरी उड़ान से बाहर जाओ) जबकि वह यहां कमा रहा है.’
हरभजन सिंह ने कार्रवाई की मांग की
हरभजन ने ट्वीट के जरिए कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि देश में इस तरह की चीजों की अनुमति नहीं दी जा सकती है और ना ही इसे बर्दाश्त किया जा सकता है. जेट एयरवेज ने एक बयान में कहा कि वह पहले ही यात्रियों के लिए माफीनामा जारी कर चुका है. विमान कंपनी ने अपने कर्मचारियों द्वारा अपने परिचालन से जुड़े किसी भी देश के स्थानीय या अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करने वाले अपने कर्मचारियों के आचरण को बर्दाश्त नहीं करने पर जोर दिया.
जेट एयरवेज ने जारी किया बयान
source zee newsबयान में कहा गया है, ‘इसके अलावा कर्मचारियों से संबंधित हमारी आचार संहिता बहुत कड़ी है, जो विमान कंपनी के मूल्यों और लोकाचार पर आधारित है’. सिंह का ये ट्वीट ऐसे समय में आया है जब जेट एयरवेज के स्थानीय पायलटों के संगठन एनएजी ने विमान कंपनी के विदेशी पायलटों के व्यवहार को लेकर चिंता जाहिर की है

Post a Comment